शनिवार, 9 नवंबर 2013

भींगे मौसम में एक धूप की याद!


लम्बा पुल... पुल पर ये एक दृश्य... कितने ही समय से मन में कहीं पैंठ गए हैं ये ताले और विचर रहा है कहीं उन नामों की कहानी की तलाश में चंचल मन... क्या सचमुच यूँ पुल पर अपने नाम का ताला जड़ कर चाभी सागर के हवाले कर के विश्वस्त हुए लोग हर मौसम में साथ होंगे आज भी... क्या सचमुच उनकी मान्यता ने उन्हें कभी न ख़त्म होने वाला साथ उपहार स्वरुप दिया होगा या जीवन की विडम्बनाओं से जूझते हुए कहीं अलग थलग सी कोई कहानी होगी उनकी... कौन जाने!
***
बहुत प्यारा सा कांसेप्ट है, ताले पर अपना नाम अपने प्रिय व्यक्ति के नाम के साथ लिख कर यूँ पुल पर टांक दिया जाए और चाभी हमेशा के लिए बहती धारा के हवाले, कि न कभी खुलेंगे ताले, न कभी जुदा होंगे दो लोग...! काश ऐसा ही आसान, ऐसा ही ताले चाभी के खेल सा सरल होता जीवन... 
***
बीते मौसम में एक गर्मियों की शाम थी... हम इस लम्बे से पुल पर कई बार चले... कई बार पुल को पार किया... कभी दृश्यों को निहारने के लिए तो कभी दृश्यों को क्लिक करने के लिए... दो बार तो इन तालों के झुण्ड से चमत्कृत हम पुल के आर पार होते रहे... अनजाने से नाम, अनजाना देश और वही एक जानी पहचानी सी चाह कि अपने अपनों से कभी जुदा न हों हम...!
कितने एक से हैं न हम... धरती का कोई भी कोना हो, आकाश का कोई भी टुकड़ा हो... हर एक कोने में वही हैं मर्म... वही हैं अरमान... और वही एक हैं स्नेह विश्वास के प्रतिमान!
***
आज मौसम वो नहीं है जब खिली धूप में हम यूँ ही अनजाने रास्ते नापते हुए भटकते रहे... ये सर्दियों की एक शांत सी शाम है... खूब बारिश हो रही है और बूंदों की आवाज़ इस शान्ति में साफ़ सुनी जा सकती है... खिडकियों पर भी बूंदें हैं और मन भी भींगा सा है... बर्फ गिरने का मौसम नज़दीक है... सब सफ़ेद हो जाएगा... बर्फ की चादर सब ढँक लेगी... ऐसे में एक और नादान सा प्रश्न कहीं उठता है मन में...
बर्फ के फाहों से ढँक कर सब स्वच्छ भी हो जाएगा क्या...? कौन जाने!
***
तस्वीर: एक पुल पर चलते हुए तालों ने यूँ ध्यान आकृष्ट किया था कि उस शाम की धूप अब तक खिली है भीतर और भींगे मौसम में सांत्वना बन कर खिल जाने का अपनी ओर से पूरा प्रयास कर रही है... ... ... !!

7 टिप्‍पणियां:

  1. कुछ विश्वास जीवन को हमेशा आशान्वित करते हैं ,दिल को छू लेने वाली पोस्ट

    जवाब देंहटाएं
  2. सारा खेल आस्था और विश्वास का हैं

    जवाब देंहटाएं
  3. काश मन भी तालों जैसा होता !!

    जवाब देंहटाएं
  4. सुन्दर पोस्ट |नववर्ष की शुभकामनाएँ |

    जवाब देंहटाएं
  5. सुन्दर अहसास ..................
    http://savanxxx.blogspot.in

    जवाब देंहटाएं